कमलनाथ (कांग्रेस केन्द्रीय मंत्री) - भाजपा राज में किसानों सहित सभी वर्ग परेशान हैं







भाजपा राज में किसानों सहित सभी वर्ग परेशान हैं: कमलनाथ






केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री कमलनाथ ने कहा है कि भाजपा राज में किसानों, महिलाओं और युवाओं सहित समाज के सभी वर्ग बुरी तरह परेशान हैं। प्रदेश में विकास तो जैसे थम ही गया है। कानून-व्यवस्था भी एकदम चैपट हो चुकी है। कमलनाथ आज म.प्र. के सिवनी के महावीर पैलेस उद्यान में आयोजित कांग्रेस की विशाल आम सभा को संबोधित कर रहे थे। आम सभा में आशा से अधिक जन सैलाब उमड़ा था। जितने लोग सभा स्थल पर जमा थे, उतने ही सभा स्थल के बाहर एकत्र थे। आम सभा में भारी उत्साह देखा गया। आम सभा को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया, नेता प्रतिपक्ष राहुलसिंह तथा स्थानीय वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर स्व. हरवंशसिंह के पुत्र रजनीशसिंह भी हजारों कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी नेताओं ने युवा नेता को पूरा सहयोग देने का विश्वास दिलाया। आम सभा में सामूहिक संकल्प उभरा कि अगले विधान सभा चुनाव में कांग्रेस सिवनी जिले की सभी विधान सभा सीटें जीतेगी।
 
केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री कमलनाथ जब आज दोपहर कांग्रेस की आम सभा को संबोधित करने के लिए सिवनी पहुंचे तो भाजपाइयों ने जबरिया उनका रास्ता रोक कर काले झंडे दिखाने की कोशिश की, किंतु सतर्क कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनकी इस कोशिश को सफल नहीं होने दिया। प्रशासन तब चुपचाप सब देखता रहा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ भाजपाइयों की झड़प भी हुई, किंतु वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने स्थिति सम्हाल ली।
 
विशाल आम सभा को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेसनीत केंद्र सरकार प्रदेश को उदारता के साथ पैसा दे रही है, किंतु उसमें भारी भ्रष्टाचार हो रहा है और केंद्र की योजनाओं पर अपना ठप्पा लगाकर भाजपा और उसकी सरकार चुनावी फायदा लेने के कुचक्र रच रही है, लेकिन अब कांग्रेस कार्यकर्ता भी हर स्तर पर सतर्क हो गए हैं। वे इस कुचक्र को सफल नहीं होने देंगे। आपने सिवनी जिले की सिवनी नगर पालिका और बरघाट एवं लखनादौन नगर पंचायत को विभिन्न जन कल्याणकारी विकास कार्यों के लिए केंद्र सरकार की ओर से 100 करोड़ रूपये की राशि देने की घोषणा की। साथ ही आपने गोटेगांव से रामटेक तक की रेल्वे लाइन की केंद्र से स्वीकृति प्राप्त करने और उसके लिए धनराशि दिलाने हेतु पहल करने का आश्वासन भी दिया। इस रेल्वे लाइन की घोषणा पूर्व प्रधान मंत्री नरसिंम्हाराव ने अपनी गोटेगांव यात्रा के दौरान शंकराचार्य से भेंट के समय की थी।
 
आम सभा में प्रदेशाध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने शिवराज सरकार की विफलताओं को गिनाते हुए कहा कि शिवराज की सरकार ने म.प्र. को खनिज माफियाओं के हाथों गिरवी रख दिया है। यही कारण है कि पूरे प्रदेश में खनिज माफिया बेखौफ होकर प्रदेश की खनिज संपदा को लूट रहे हैं। आपने कहा कि इस राज में किसानों को भी परेशान होना पड़ रहा है। न तो उनको खाद मिल रहा है और न बिजली मिल रही है। गरीबों को सस्ते गेहूं-चावल के नाम पर सड़ा माल दिया जा रहा है। गरीबों के हिस्से का बजट भाजपाई मंत्रियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं की जेब में जा रहा है। आपने कहा कि कांग्रेस की परिवर्तन यात्राओं में जनता का जो उत्साह देखने को मिल रहा है, उससे निश्चित है कि प्रदेश में अगले विधान सभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन होगा और कांग्रेस फिर सत्ता में आयेगी। कांतिलाल भूरिया ने लोगों का आव्हान किया कि वे भ्रष्ट और निकम्मी भाजपा सरकार को उखाड़ फेंके।

नेता प्रतिपक्ष राहुल सिंह ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह महिलाओं की भलाई और उनकी इज्जत की रक्षा पर जरा भी ध्यान नहीं दे रही है। इसी कारण उन पर प्रदेश भर में बड़ी संख्या में अत्याचार हो रहे हैं। आपने शिवराजसिंह को ‘’लफ्फाज मुख्यमंत्री’’ बताते हुए कहा कि उन्होंने सिवनी में मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा की थी, किंतु अन्य हजारो घोषणाओं की तरह उसको भी भुला बैठे। आपने कहा कि मुख्य मंत्री को खुद नहीं मालूम कि वे अब तक कितनी घोषणाएं कर चुके हैं।
 
इस अवसर पर मंडला के सांसद बसोरीसिंह मसराम, होशंगाबाद के सांसद राव उदय प्रतापसिंह, विधायकगण लखन घनघोरिया, प्रदीप जायसवाल, ओंकार मरकाम तथा नारायण पट्टा, पीसीसी उपाध्यक्ष पुष्पा बिसेन, मोहम्मद अबरार, सुरेश राय, राममूर्ति मिश्रा, रजनीशसिंह सहित जिले के कांग्रेस पदाधिकारी भी उपस्थित थे।













Comments

Popular posts from this blog

Tabish Khan (President Bhopal Bodybuilding and Fitness Asssociation)

भोपाल में खुला एक ऐसा जिम जिसके संचालक खुद बॉडी बिल्डिंग की दुनिया में एक मिसाल है